भायंदर। भायंदर पूर्व की नवघर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए चोरी और ठगी के दो अलग-अलग मामलों में न सिर्फ आरोपियों को धर दबोचा अपितु उनके पास से पूरा माल भी जप्त कर लिया। नवघर पुलिस स्टेशन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 15 जनवरी 2022 से 17 जनवरी 2022 के बीच हर्ष महेश अग्रवाल की हर्ष स्टील इंडिया नामक कंपनी में से अज्ञात चोरों ने स्टील के बर्तन बनाने के काम आने वाले 1500 किलोग्राम कच्चे माल पर हाथ साफ किया था। चोरी की गई कच्चे माल की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई गई। नवघर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से अजहरुद्दीन अताउल शेख नामक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया। ठगी के दूसरे मामले में नरपत सिंह बेहर सिंह राजपूत नामक आरोपी को गिरफ्तार कर नवघर पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके पास से सारा माल बरामद कर लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बाबू सिंह चैन सिंह राठौड़ की चामुंडा स्टील नामक एक कंपनी है। 18 जनवरी 2022 को रमेश नामक व्यक्ति ने फोन द्वारा 15 बंडल स्टील के तार का आर्डर दिया। स्टील के तारों की कीमत 2,08000 रुपए तय की गई। 19 जनवरी को राठौड़ ने रमेश द्वारा दिए गए नालासोपारा पूर्व के पते पर माल डिलीवरी कर दिया। रमेश ने राठौड़ को 58000 रुपए नगद दिए तथा शेष राशि शाम 4 बजे तक देने को कहा। इसके बाद रमेश ने अपना फोन बंद कर लिया। बार-बार प्रयासों के बावजूद जब रमेश से संपर्क नहीं हो सका तो राठौड़ ने नवघर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए नरपत सिंह को गिरफ्तार कर सारा माल बरामद कर लिया। परिमंडल क्रमांक 1 के पुलिस उपायुक्त अमित काले, सहायक पुलिस आयुक्त डॉ शशिकांत भोसले, नवघर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मिलिंद देसाई तथा पुलिस निरीक्षक प्रकाश मासाल (अपराध) के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक योगेश काले, पुलिस उप निरीक्षक संदीप ओहोल, हवलदार भूषण पाटील, सिपाही संदीप जाधव, सूरज घुनावत ,विनोद जाधव ने दोनों मामलों के आरोपियों को गिरफ्तार कर सारा माल बरामद किया।
0 Comments