भायंदर। अपराधियों पर नकेल कसने में जुटी नवघर पुलिस ने दो अलग-अलग घटनाओं में नकली पुलिस बनकर लूटपाट करने वाले दो आरोपियों तथा बंद घर के दरवाजे को तोड़कर 5 लाख 50 रुपए मूल्य के सोने चांदी से बने जेबरातों की चोरी करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता विनोद मौर्या के पास किराना की दुकान है। 3 मई को वह अपनी स्कूटी मोटरसाइकिल से इंद्रलोक नाका स्थित एक पान की दुकान पर माल सप्लाई करने गया था। तभी खुद को पुलिस वाला बताकर दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे यह कहकर धमकाया कि वह प्रतिबंधित गुटका बेच रहा है। दोनों मौर्या को एक रिक्शा में बैठा कर गोल्डन नेस्ट सर्किल ले गए जहां दोनों ने उसके पास माल बेचकर रखे गए 18 हज़ार रुपए जबरन निकाल कर चले गए। मौर्य की शिकायत पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सिद्धार्थ रामदास जोहरे तथा उसके साथी अब्दुल अहमद खान को गिरफ्तार कर लिया। इंद्रलोक परिसर में घटी दूसरी घटना में ईशा दवे नामक महिला के घर में दरवाजा तोड़कर 5 लाख 50 हजार रुपए मूल्य के जेवरात चुराने वाले चार आरोपियों में से तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 4 लाख, 2 हजार,339 रुपए मूल्य के जेवरातों को जप्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम चेलाराम मोडाराम देवासी, चंदन सिंह भंवर सिंह राजपूत तथा भरत कुमार चौधरी है। भरत कुमार चौधरी के खिलाफ महाराष्ट्र तथा हैदराबाद में चोरी के 22 मामले दर्ज हैं। हकमाराम चौधरी नामक आरोपी फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। नवघर पुलिस को दोनों सफलताएं परिमंडल क्रमांक 1 के पुलिस उपायुक्त अमित काले, सहायक पुलिस आयुक्त डॉ शशिकांत भोसले के मार्गदर्शन तथा नवघर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मिलिंद देसाई के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक (क्राइम ) प्रकाश मासाल, सहायक पुलिस निरीक्षक योगेश काले, पुलिस उप निरीक्षक अभिजीत लांडे, पुलिस हवलदार भूषण पाटील, पुलिस नायक गणेश जावले, सिपाही संदीप जाधव ,सूरज घुनावत, ओमकार यादव तथा विनोद जाधव की टीम ने अर्जित किया।
0 Comments