मुख्यमंत्री ने थपथपाई आयुक्त दिलीप ढोले की पीठ
भायंदर। महाराष्ट्र सरकार के नगर विकास दिवस के अवसर पर, मीरा भायंदर महानगरपालिका संपत्ति कर विभाग द्वारा रिकॉर्ड 89 प्रतिशत कर एकत्र किए जाने पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तथा उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों मीरा भाईंदर महानगरपालिका को द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। महापालिका की तरफ से आयुक्त दिलीप ढोले ने यह पुरस्कार प्राप्त किया। इस अवसर पर अपर आयुक्त संभाजी पानीपटे और उपायुक्त रवि पवार भी उपस्थित थे। मीरा भायंदर महानगरपालिका कर विभाग द्वारा 31 मार्च 2023 की मध्य रात्रि तक 182 करोड़ रुपए (89 प्रतिशत) का रिकॉर्ड कर संग्रह किया गया। दिलीप ढोले ने इसका श्रेय, अपर आयुक्त अनिकेत मनोरकर, उपायुक्त (कर विभाग) संजय शिंदे, नियंत्रण अधिकारी, सहायक नियंत्रण अधिकारी, संपत्ति कर विभाग के प्रमुख, सभी कर निरीक्षक, कर वसूली लिपिक और कर्मचारियों को दिया है। वहीं, निर्देशानुसार कर वसूली के लिए नियंत्रण अधिकारी एवं सहायक नियंत्रण अधिकारी नियुक्त किया गया है। कमिश्नर ने उन्हें विशेष सराहना के साथ बधाई दी। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष संपत्ति कर संग्रहण उत्कृष्ट और तीव्र रहा है। आयुक्त के निर्देशानुसार उपायुक्त (सूचना प्रौद्योगिकी) के मार्गदर्शन में सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अधिकारी राज घरात द्वारा विकसित वेबसाइट www.mbmc.gov.in एवं माईएमबीएमसी मोबाइल एप का उपयोग कर नागरिकों को संपत्ति कर भुगतान करने की अपील की गई थी। नागरिकों ने इस अपील का सकारात्मक जवाब दिया। ऑनलाइन पद्धति पर विशेष जोर देते हुए एक लाख 25 हजार 697 नागरिकों ने 66 करोड़ 27 लाख 03 हजार 419 कर की राशि का भुगतान किया है। जबकि 92 हजार 898 नागरिकों ने 37 करोड़ 68 लाख 37 हजार 465 की राशि का कर नकद एवं 91 हजार 560 नागरिकों ने चेक (चेक) के माध्यम से कर का भुगतान किया है तथा कुल 75 करोड़ 21 लाख 27 हजार 625 का भुगतान किया गया है। मीरा भायंदर महापालिका कोषालय में कुल संपत्ति कर संग्रह 181 करोड़ 52 लाख 92 हजार 260 रुपए है। मीरा भायंदर महापालिका द्वारा रिकॉर्ड वसूली के लिए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आयुक्त दिलीप ढोले की पीठ थपथपाते हुए उन्हें बधाई दी ।
0 Comments