राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में एमपीएस पोयसर शाला को मुंबई विभाग में प्रथम स्थान

मुख्यमंत्री मेरा स्कूल सुंदर स्कूल प्रतियोगिता में मारी बाजी
मुंबई। राज्य के स्कूलों के लिए आयोजित की गई मुख्यमंत्री मेरा स्कूल सुंदर स्कूल प्रतियोगिता के नतीजे हाल ही में घोषित हुए। इसमें एम.पी.एस. पोयसर शाला बोरीवली (प.) को मुंबई विभाग में प्रथम स्थान मिला है। शाला की पूरी टीम को राज्य के शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर के हाथों एक भव्य कार्यक्रम में पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में कुल 1 लाख 3 हजार 312 स्कूल शामिल हुए, जिनमें 64 हजार 312 सरकारी स्कूल और 39 हजार निजी स्कूल हैं। स्कूलों के 1 करोड़ 99 लाख 61 हजार 586 विद्यार्थी प्रतियोगिता में शामिल हुए। राज्य में प्रथम पुरस्कार (51 लाख रुपए) वाशिम की शाला को मिला। मुंबई में प्रथम क्रमांक का पुरस्कार (21 लाख रुपए) एम.पी.एस. शाला पोयसर हिंदी क्रमांग 3 को मिला। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एम.पी.एस. शाला की मुख्याध्यापिका श्रीमती संगीता हेमंत वडे के कुशल मार्गदर्शन व नियोजन में शाला के शिक्षकों व बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसका परिणाम मुंबई में प्रथम क्रमांक के रूप में मिला। शाला के शिक्षकों में शची उपाध्याय, दीनानाथ तिवारी, अरविंद सिंह, सुनीता गुप्ता, लीला, संगीता, प्रथा, मानसी, बिंद सर, नेहा मैडम, गीता, नयना, नीलम, बाविस्कर सर, सरिता और पूजा आिद ने अपना उत्कृष्ट सहयोग देकर शाला को प्रथम क्रमांक दिलाने में सराहनीय भूमिका निभाई। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए शाला की चित्रकला टीचर रीमा धनु कार्यानुभव की टीचर शालिनी गिरी और शारीरिक शिक्षक की शिक्षिका वंदना कोंगिल ने अपना भरपूर सहयोग दिया, जिसके फलस्वरूप यह पुरस्कार मिला। शाला के शिक्षकेतर कर्मचारियों के साथ-साथ स्वच्छता व अन्य कर्मचारियों ने भी अपने-अपने स्तर पर सहयोग दिया। मुख्याध्यापिका संगीता वडे ने बताया कि विद्यार्थियों को आर्थिक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करना भी प्रतियोगिता का हिस्सा था। इसके बाद विद्यार्थियों की एक टीम ने स्कूल के नाम से बैंक बनाई। पासबुक, डिपॉजिट स्लिप, चेकबुक, एटीएम मशीन और कार्ड बनाए गए। इसके जरिए बैंक का पूरा कामकाज कैसे होता है, यह प्रदर्शित किया गया। अधिकारी इससे बेहद प्रभावित हुए और उन्होंने इसकी बहुत तारीफ की। हमें जो सफलता मिली है उसमें स्कूल के सभी शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का भी अमूल्य योगदान है। शिक्षक अरविंद सिंह ने कहा कि स्कूल में पढ़ाई का स्तर अच्छा है। आठवीं तक के इस स्कूल में 663 विद्यार्थी हैं। इस साल आठवीं कक्षा के चार विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति हासिल की है। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में मुंबई विभाग में प्रथम स्थान मिलना हम सभी के लिए गौरव की बात है।

Post a Comment

0 Comments