खुरसंगे परिवार ने सार्वजनिक मंडलों को दान कीं गणपति बाप्पा की मूर्तियां | Khabare Purvanchal

मुंबई। गणराया का आगमन सभी समुदाय के लोगों के लिए अत्यंत आनंद तथा उत्साह का क्षण होता है। दस दिनों तक चलने वाले इस महापर्व को सभी भक्तिभाव तथा उत्साह के साथ मनाते हैं। पिछले वर्ष से ही जारी कोरोना संक्रमण के चलते गणेशोत्सव का पर्व सोशल डिस्टेंसिंग एवं महाराष्ट्र सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देश का पालन करते हुए अनेक स्थानों पर मनाया जा रहा है।
 पिछले कई दशकों से गणेशोत्सव पर्व में सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों को हरसंभव सहयोग देने वाले प्रतिष्ठित खुरसंगे परिवार ने पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी गणेशोत्सव के महापर्व पर सहयोग की अनूठी पहल की है। मागाठाणे विधानसभा क्षेत्र के प्रभाग क्रमांक 11 की शिवसेना नगरसेविका रिद्धि भास्कर खुरसंगे तथा पूर्व नगरसेवक भास्कर नामदेव खुरसंगे ने पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी अपने क्षेत्र के सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडलों को नकद धनराशि की बजाय, गणपति बाप्पा की सुंदर मूर्तियां तथा पूजा की सामग्री भेंट स्वरूप प्रदान की हैं। शिवसैनिक तथा खुरसंगे परिवार के सदस्य राजा खुरसंगे ने बताया कि प्रभाग में करीब 40 सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल हैं, जिनमें से 32 मंडलों ने सहयोग मांगा था। इन सभी मंडलों को बुधवार 8 अगस्त को विभाग प्रमुख तथा विधान परिषद सदस्य विलास पोतनीस, उप विभाग प्रमुख सुनील डहाले, महिला विभाग संगठक मनीषा सावंत, कार्यालय प्रमुख शेखर जाधव समेत शिवसेना के तमाम पदाधिकारियों, शिवसैनिकों की उपस्थिति में गणपति बाप्पा की मूर्ति तथा पूजा की सामग्री स्थानीय नगरसेविका रिद्धि भास्कर खुरसंगे तथा पूर्व नगरसेवक भास्कर नामदेव खुरसंगे की ओर से भेंट की गई। राजा खुरसंगे ने बताया कि यह भेंट स्वीकार कर सभी सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल के कार्यकर्ता बेहद आनंदित हो, गणपति बाप्पा के जयकारे लगाते हुए उन्हें स्थापित करने के लिए अपने - अपने गंतव्यों तक ले गए। जिससे संपूर्ण क्षेत्र भक्तिभाव से सराबोर हो उठा।

Post a Comment

0 Comments