विरार। 10वीं वसई विरार महानगरपालिका मैराथन स्पर्धा न्यू विवा कॉलेज, विरार पश्चिम में रविवार 11 दिसंबर, 2022 को संपन्न हुई। इस स्पर्धा में उत्तर प्रदेश के मोहित राठोर ने पुरुष की पूर्ण मैराथन में नए कीर्तिमान के साथ खिताब हासिल किया। उल्लेखनीय है कि मोहित राठोर गत विजेता हैं, उन्होंने वसई विरार मेयर्स मैराथन 2019 को अपने नाम किया था। मोहित राठोर ने दौड़ में अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराने के लिए तेज शुरुआत की। आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट के अर्जुन प्रधान ने मोहित राठौर को कड़ी टक्कर दी। दोनों धावक 37 किमी तक एक साथ दौड़ रहे थे। लेकिन फिर मोहित ने अपनी रफ्तार बढ़ाई और खिताब जीतने की होड़ में अर्जुन प्रधान को पछाड़ दिया। मोहित राठोर ने 2:18:08 घंटे के इस सर्वश्रेष्ठ समय में दौड़ पूरी करके रशपाल सिंह द्वारा 2018 में बनाए गए 2:22.04 के पिछले रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। महिलाओं की अर्द्ध मैराथन स्पर्धा दिल्ली की उजाला ने 1:13:36 के समय के साथ पूरी की। उन्होंने 2017 में 1:17:01 के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ते हुए खिताब जीता। उजाला ने पटना मैराथन की विजेता प्राजक्ता गोडबोले को हराकर खिताब जीता। दूसरे स्थान पर रहीं प्राजक्ता ने 1:15:12 का समय लेकर रेस पूरी की, साथ ही तीसरे क्रमांक में फूलन पाल ने 1:16:02 समय में रेस पूरी की। इसी प्रकार किरण म्हात्रे ने 1:05:29 समय में पुरुषों की हाफ मैराथन का खिताब जीता। पुरुषों की फुल मैराथन के एलिट विजेता को 3 लाख रुपये और हाफ मैराथन के विजेता को 2 लाख रुपये पुरस्कार राशि के रूप में मिले।
0 Comments