सस्ते घर देने के बहाने ठगी करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार


नालासोपारा। लोगों को सस्ता घर दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को मीरा भायंदर-वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के अपराध शाखा क्रमांक 3 की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जांच से पता चला है कि वह लोगों से करीब 50 लाख रुपए की ठगी कर चुका है। गिरफ्तार आरोपी का नाम रामसिंह जालिम सिंह देवरा (उम्र 28 वर्ष) है। वह विरार पश्चिम का रहने वाला है। पुलिस द्वारा जारी प्रेस रिलीज के अनुसार उसे हरेल पैट्रिक साल्विन की शिकायत के बाद गिरफ्तार किया गया है। साल्विन की शिकायत के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राम सिंह ने सूरज दुबे, शुभम मिश्रा, गौतम चौधरी  तथा रूम मालिक पुलक दास ने मिलकर उससे उस रूम का सौदा किया जिस पर पहले से ही बैंक का भारी कर्ज लिया गया था। साल्विन को वह रूम 17 लाख 50 हजार रुपए में बेचा गया। साल्विन के बार-बार कहने के बावजूद ना तो रूम दिया गया और ना ही पैसा लौटाया गया तो उसने विरार पुलिस स्टेशन में शिकायत कर दी। पुलिस ने जांच की और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को यह कामयाबी पुलिस उपायुक्त अविनाश अंबुरे तथा सहायक पुलिस आयुक्त  अमोल मांडवे के मार्गदर्शन में अपराध शाखा क्रमांक 3,के पुलिस निरीक्षक प्रमोद बडाख , पुलिस उप निरीक्षक उमेश भागवत, पुलिस हवलदार शंकर शिंदे, अशोक पाटिल शंकर शिंदे तथा अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रियता के चलते मिली।

Post a Comment

0 Comments