उत्तर भारतीय संघ ने मानवीय कल्याण के लिए खोला पिटारा



महाअन्नदान से लेकर बाढ़ प्रभावितों की करेगा मदद
मुंबई। उत्तर भारतीय संघ की 75वीं वार्षिक साधारण सभा में अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह ने महाअन्नदान कार्यक्रम शुरू करने और महाराष्ट्र के बाढ़ प्रभावितों की मदद की घोषणा की। सभा में उत्तर भारतीय समाज की एकजुटता और महाराष्ट्र-उत्तर प्रदेश के रिश्तों को और प्रगाढ़ बनाने पर जोर दिया गया। रविवार को वार्षिक साधारण सभा का आयोजन उत्तर भारतीय संघ भवन बांद्रा (पूर्व) के बाबू सत्यनारायण सिंह सभागृह में किया गया। वार्षिक साधारण सभा की अध्यक्षता करते हुए संतोष आरएन सिंह ने कहा कि भारी बारिश के बावजूद यहां बड़ी संख्या में संघ के सदस्य एकत्रित हुए हैं। 2 से 2 हजार, 2 हजार से 20 हजार, 20 हजार से 2 लाख लोग एकत्रित हुए तो समाज में यह संदेश जाएगा कि पूरा उत्तर भारतीय समाज एकजुट है। उन्होंने उपस्थित सदस्यों से अपना उत्तर भारतीय संघ का सदस्यता कार्ड प्रदर्शित करने को कहा, ताकि उन लोगों के मुंह बंद हो जाए जो कहते हैं कि कार्यक्रम में बाहर के लोग शामिल होते हैं।उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के लोगों ने हमेशा उत्तर भारतीयों का साथ दिया है। इसी महाराष्ट्र में उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष बाबू आरएन सिंह को विधान परिषद भेजा गया। सोशल मीडिया के तथाकथित दो-चार क्रांतिकारी समाज में वैमनस्य पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, हमें उनके बहकावे में नहीं आना चाहिए। महाराष्ट्र के लोग बहुत अच्छे हैं। संतोष आरएन सिंह ने उत्तर भारतीय समाज से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर भड़काऊ और उत्तेजक मैसेज को शेयर ना करें।
इस दौरान संतोष आरएन सिंह ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि उत्तर भारतीय संघ के ट्रस्टियों को संघ भवन का हाल मुफ्त में दिया जाएगा और मात्र 50 रुपए में उनके रिश्तेदार गेस्ट हाउस में रह सकेंगे। संघ के सभी सदस्यों को मात्र 1 रुपए में उत्तर प्रदेश में बना बाबू आरएन सिंह सभागृह भी जल्द उपलब्ध होगा। संघ की तरफ से पहली बार महाअन्नदान कार्यक्रम शुरू किया जाएगा, साथ ही महाराष्ट्र के बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद की जाएगी।
कार्यक्रम को वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. राधेश्याम तिवारी, मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह, संघ के उपाध्यक्ष संजय सिंह, वरिष्ठ पत्रकार अनुराग त्रिपाठी, युवा नेता अवनीश सिंह और पूर्व महामंत्री नंदलाल उपाध्यक्ष ने भी संबोधित किया। इसके पूर्व साधारण सभा की शुरुआत संघ के संस्थापक बांकेराम तिवारी और बाबू आरएन सिंह की तस्वीरों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। महामंत्री देवेंद्र तिवारी ने संघ का वार्षिक वृत्तांत पढ़कर सुनाया, जबकि कोषाध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने आय-व्यय का ब्यौरा पेश किया। अंत में बैजनाथ आर मिश्रा ने आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में डॉ. किशोर सिंह, रामकुमार पाल, अशोक कुमार दुबे, ओम प्रकाश सिंह, चंद्रभान सिंह, श्रीनिवास तिवारी, अंतेश सिंह, सुरेंद्र गिरी, विनोद कुमार मिश्रा, राजेश सिंह, संजू सिंह, गीता सिंह, मुकेश सिंह, प्रहलाद पांडे, रामनयन शर्मा, शिवश्याम तिवारी, रेणू मल्लाह, आदित्य दुबे, विजय सिंह, राजकुमार सिंह, विकास सिंह, विशाल सिंह और आदित्य सिंह सहित बड़ी संख्या में सदस्यगण और समाज के लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments