मीरा भायंदर: बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच मास्क नहीं पहनने वालों की खैर नहीं है। मीरा भाईंदर महानगरपालिका ने दंडात्मक कार्रवाई करते हुए पिछले 2 माह के भीतर 19 लाख रुपए दंड के रूप में वसूल किया है। मनपा आयुक्त दिलीप ढोले ने कहा कि मास्क नहीं पहनने वाले लोगों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। सरकार तथा प्रशासन की तमाम चेतावनी के बावजूद कुछ लोग बिना मास्क के टहलते नजर आते हैं।
उन्हें यह पता होना चाहिए कि वे अपने साथ साथ अन्य लोगों को भी संक्रमित करने का खतरा उठा रहे हैं। मास्क नहीं पहनने वालों से 500 रूपए का जुर्माना वसूला जा रहा है। इसके बावजूद कुछ लोग सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। मनपा ने यह कार्रवाई सभागृहों, होटल, पार्क ,खेल के मैदान जैसे सार्वजनिक स्थानों पर की है। दो महीने में 5136 लोगों पर कार्रवाई की गई तथा दंड के रूप में 19 लाख 39 हज़ार 305 रुपए वसूले गए। मीरा भायंदर के युवा शिवसेना नेता विक्रम प्रताप सिंह के अनुसार हर व्यक्ति को मास्क पहनना उसकी सुरक्षा के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश जरूर कामयाब होगी। रिकवरी रेट के आंकड़ों से लोगों की हिम्मत बढ़ी है।
0 Comments