मुंबई। बांद्रा ( पूर्व) विधानसभा क्षेत्र के 200 से भी ज्यादा कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता को आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मेहमूद देशमुख के नेतृत्व में इन सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और मुंबई प्रभारी प्रीति शर्मा मेनन की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष द्विजेंद्र तिवारी, सुमित्रा श्रीवास्तव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। कार्यक्रम बांद्रा (पूर्व) के पुरुषोत्तम हाई स्कूल में रखा गया था।
पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद वरिष्ठ नेता मेहमूद देशमुख ने विश्वास जताया कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक श्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली की ही तरह पूरे देश में बेहतरीन शासन व्यवस्था की सरकारें जल्द स्थापित होंगी । उन्होंने कहा कि कांग्रेस में उन्होंने लंबे समय तक काम किया, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में जिस तरह से आम आदमी पार्टी ने जन सामान्य को केंद्र में रखकर योजनाएं बनाईं और उनका क्रियान्वयन किया , उससे वह काफी प्रभावित हुए।केजरीवाल सरकार का गवर्नेंस मॉडल देश के सामने बहुत बड़ी मिसाल है। दिल्ली सरकार द्वारा शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्य आज हर देशवासी की जुबान पर हैं। इसीलिए उन्होंने अपने समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने का निश्चय किया।
देशमुख और उनके सहयोगियों का पार्टी में स्वागत करते हुए आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और मुंबई प्रभारी प्रीति शर्मा मेनन ने कहा
"आम आदमी पार्टी का गठन आम जनता की तकलीफों को दूर करने और उनके लिए कल्याणकारी कार्य करने के लिए किया गया है। इस कार्य में जो भी अच्छे लोग सहयोगी होना चाहते हैं, चाहे वे किसी भी पार्टी के हों, हम उनका तहे दिल से स्वागत करते हैं । श्री अरविंद केजरीवाल ने यह साबित कर दिया कि यदि नीयत साफ हो तो आम जनता के लिए सरकारें बेहतरीन कार्य कर सकती हैं। दिल्ली में केजरीवाल मॉडल ऑफ गवर्नेंस ने यह साबित कर दिया कि केवल 5 साल में भी लाखों लोगों की जिंदगियां बदली जा सकती हैं। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में 17 लाख से भी ज्यादा विद्यार्थी आज शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, जबकि इसके विपरीत मुंबई मनपा द्वारा संचालित स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या लगातार कम होती जा रही है । और अब यहां यह नौबत आ रही है कि शायद इन स्कूलों को बंद कर दिया जाएगा या इन्हें किसी नेता या ब्यूरोक्रेट को ठेके पर दे दिया जाए जाएगा। वही हाल स्वास्थ्य सेवाओं का है । आधी से ज्यादा स्वास्थ्य सेवाएं तो मुंबई मनपा ने ब्यूरोक्रेट और नेताओं के रिश्तेदारों को आउटसोर्स कर दी हैं। हमें विश्वास है कि इस बार मुंबई महानगरपालिका चुनाव में सभी 236 वार्डों में मुंबई की जनता आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों को भरपूर समर्थन देगी और हम मुंबई मनपा में सत्ता हासिल करेंगे । हमारा लक्ष्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन करना है, और पार्टी के प्रति आमजनों का विश्वास हमारी सबसे बड़ी ताकत है।"
0 Comments