क्रांतिज्योति सावित्रीमाई फुले राज्य आदर्श शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित हुए दुर्गाप्रसाद हटवार



मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका शिक्षण विभाग द्वारा संचालित संत कक्कया मार्ग मनपा हिंदी विद्यालय क्रमांक 1 के महापौर पुरस्कार विजेता आदर्श शिक्षक दुर्गाप्रसाद मीताराम हटवार को महाराष्ट्र सरकार के स्कूली शिक्षा विभाग का 2024-25 का क्रांतिज्योति सावित्रीमाई फुले राज्य आदर्श शिक्षक पुरस्कार प्रदान किया गया।
महाराष्ट्र राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथराव शिंदे ने वीडियो संदेश के माध्यम से अपनी बधाई व्यक्त की। इस अवसर पर महाराष्ट्र राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार, दादाजी भुसे, (स्कूल शिक्षा मंत्री), राहुल नार्वेकर (अध्यक्ष, महाराष्ट्र विधानसभा), डॉ. पंकज भोयर, (राज्य मंत्री, शिक्षा, गृह, ग्रामीण, आवास, सहकारिता, खनन),रणजीत सिंह देओल (आई.पी.एस.), प्रमुख सचिव, स्कूल शिक्षा और खेल विभाग, सचिंद्र प्रताप सिंह (आई.पी.एस.), आयुक्त (शिक्षा), महाराष्ट्र राज्य, पुणे, डॉ.महेश पालकर, (शिक्षा निदेशक, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक, महाराष्ट्र राज्य, पुणे), अनुराधा ओक (बालभारती की निदेशक), कृष्णकुमार पाटिल (शिक्षा योजना के निदेशक) राजेश कंकाल (उपसंचालक शिक्षण विभाग मुंबई) उपस्थित थे।
यह राज्य स्तरीय आदर्श शिक्षक पुरस्कार वितरण समारोह टाटा सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स, मरीन ड्राइव में बड़े धूमधाम से आयोजित किया गया। राज्य सरकार ने निष्ठापूर्वक कार्य करने वाले शिक्षकों को विधिवत सम्मानित किया है।
घर की परिस्थिति विकट होने के बावजूद शिक्षा प्राप्त करने के बाद गोंदिया से मुंबई आकर जीविकोपार्जन करने वाले दुर्गा प्रसाद हटवार पिछले 17 वर्षों से मुंबई मनपा के स्कूल में गरीब बच्चों को शिक्षा दे रहे हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाने के साथ-साथ उनकी सामाजिक कार्यों में भी रुचि है। वे शैक्षणिक और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े हुए हैं। पिछले सत्रह वर्षों से वे धारावी के विद्यार्थियों को आनंदमय शिक्षा देकर पुनीत कार्य कर रहे हैं। मुंबई नगर निगम क्षेत्र में दुर्गा प्रसाद हटवार एक उद्यमी, रचनात्मक, गणित, विज्ञान, छात्रवृत्ति मार्गदर्शक, और प्रौद्योगिकी प्रेमी शिक्षक के रूप में जाने जाते हैं।
उन्हें मुंबई मनपा शिक्षा विभाग की ओर से वर्ष 2020-21 के लिए प्रतिष्ठित आदर्श शिक्षक महापौर पुरस्कार प्राप्त हुआ है। हटवार को शैक्षणिक और सामाजिक क्षेत्र में 20 से अधिक पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। उनके कार्यों को मान्यता देते हुए, दुर्गा प्रसाद मीताराम हटवार को सरकार द्वारा सावित्रीमाई फुले राज्य आदर्श शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। दुर्गा प्रसाद हटवार को आयुक्त, उपायुक्त और शिक्षा अधिकारी ने बधाई और शुभकामनाएँ दीं।

Post a Comment

0 Comments