मुंबई। मुंबई महानगरपालिका चुनाव में ओबीसी आरक्षण को लेकर मुंबई भाजपा प्रवक्ता तथा मीडिया सह प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महाराष्ट्र सरकार की विफलता के चलते मुंबई महानगरपालिका का चुनाव बिना ओबीसी आरक्षण के होने जा रहा है। उदय प्रताप सिंह ने भाजपा नेता तथा महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के उस बयान का स्वागत किया, जिसमें भाजपा द्वारा महानगरपालिका चुनाव में 27 प्रतिशत टिकट ओबीसी समाज को देने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। ठाकरे सरकार को ना तो ओबीसी आरक्षण की चिंता है और ना ही ओबीसी समाज के हितों की। उदय प्रताप सिंह ने कहा कि मुंबई महानगरपालिका चुनाव में मुंबई भाजपा अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा के कुशल नेतृत्व तथा समाज के सभी वर्गों के आशीर्वाद से भाजपा का महापौर बनना तय है।
0 Comments