नवघर पुलिस ने लाखों की चोरी के गहनों के साथ 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार


भायंदर। नवघर पुलिस ने ताला तोड़कर 7 लाख 92 हजार रुपए मूल्य के सोने चांदी के गहने और 25 हज़ार रुपए नगदी चोरी करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 5,96,400 रुपए मूल्य के गहनों को जप्त कर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार भायंदर पूर्व के  आरएनपी  पार्क के साईं सरोवर बिल्डिंग में रहने वाले सत्येंद्र अमरपाल सिंह 31 मई को दोपहर 1:30 बजे अपने घर का ताला बंद कर बाहर गए थे। शाम 7:30 बजे जब भी घर आए तो उनके घर का ताला टूटा हुआ था। अज्ञात चोरों ने उनके घर में से 7 लाख 92 हजार रुपए मूल्य के सोने चांदी के गहनों और 25 हज़ार रुपए नकदी पर हाथ साफ किया था। उन्होंने तत्काल नवघर पुलिस स्टेशन में चोरी की शिकायत दर्ज कराई। घटना की जानकारी होते ही नवघर पुलिस जांच में जुट गई। आखिरकार 7 जून को पुलिस , आलोक कुमार मुन्ना सिंह तथा नूर अहमद अजीज उल्लाह सलमानी नामक दो आरोपियों को पकड़ने में सफल हो गई। दोनों से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने पश्चिम बंगाल भाग रहे तीसरे आरोपी सौरभ देव शरण यादव को अकोला स्टेशन पर धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 लाख,96 हजार रुपए मूल्य के चोरी के गहनों को बरामद कर लिया है। नवघर पुलिस को यह कामयाबी परिमंडल क्रमांक 1 के पुलिस उपायुक्त अमित काले और सहायक पुलिस आयुक्त डॉ शशिकांत भोसले के मार्गदर्शन तथा नवघर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मिलिंद देसाई के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक सुशील कुमार शिंदे, सहायक पुलिस निरीक्षक योगेश काले, पुलिस उप निरीक्षक अभिजीत लांडे, पुलिस हवलदार भूषण पाटील, पुलिस नायक गणेश जावले, सिपाही संदीप जाधव, सूरज घुनावत, ओमकार यादव ,विनोद यादव तथा अमित तड़वी की विशेष सतर्कता के चलते मिली।

Post a Comment

0 Comments