महाराष्ट्र सरकार की ओर से आचोले मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल को मुफ्त ज़मीन



विधायक राजन नाईक के प्रयासों को मिली सफलता
वसई। वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र के मरीजों के लिए महत्वपूर्ण ठरने वाले आचोले स्थित मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के लिए राज्य सरकार ने निःशुल्क ज़मीन देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद आज यह निर्णय घोषित किया। इस अस्पताल के लिए राजस्व विभाग से मुफ्त ज़मीन उपलब्ध कराने हेतु भाजपा विधायक राजन नाईक पत्राचार के माध्यम से लगातार राज्य सरकार के सम्पर्क मे थे। इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार और राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे के प्रति विधायक राजन नाईक ने आभार व्यक्त किया है।
वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र के 30 लाख से अधिक नागरिकों के लिए सार्वजनिक अस्पताल उपलब्ध नहीं है। इसलिए इन नागरिकों को मीरा भाईंदर, ठाणे या मुंबई के सार्वजनिक अस्पतालों में जाना पड़ता है। इसी पृष्ठभूमि पर वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र में आचोले में मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल बनाने के लिए राज्य सरकार ने 250 करोड़ रुपये का फंड मंजूर किया था। इनमें से 25 करोड़ रुपये महानगरपालिका को दिए गए थे। इसके बाद नियोजित अस्पताल का दो बार भूमिपूजन किया गया था, लेकिन अस्पताल के लिए ज़मीन महानगरपालिका को हस्तांतरित न होने के कारण काम शुरू नहीं हो पाया। इस संबंध में भाजपा विधायक राजन नाईक ने 4 मार्च को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा था। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कोकण विभागीय आयुक्त को विशेष बैठक कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए थे। संबंधित ज़मीन न्यायालय के नाम पर थी। उसे दोबारा राजस्व विभाग के नाम पर करने का निर्णय विभागीय आयुक्त विजय सुर्यवंशी, जिलाधिकारी डॉ इंदुरानी जाखड़ की उपस्थिति में 7 मार्च को लिया गया।महानगरपालिका के पास पर्याप्त फंड न होने के कारण विधायक राजन नाईक ने मांग की थी कि यह ज़मीन राजस्व विभाग द्वारा अस्पताल के लिए निःशुल्क दी जाए। लेकिन तकनीकी कारणों से ज़मीन निःशुल्क हस्तांतरित करने में अड़चनें आ रही थीं। इन्हें दूर करने के बाद राज्य सरकार को अस्पताल हेतु ज़मीन देने का प्रस्ताव भेजा गया था। आखिरकार इस प्रस्ताव को आज की राज्य मंत्रिमंडल बैठक में मंजूरी दे दी गई।
इस निर्णय पर विधायक राजन नाईक सहित भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने खुशी व्यक्त की है। वसई-विरार की आम जनता के लिए यह मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल बेहद उपयोगी सिद्ध होगा और लाखों नागरिकों को लाभ होगा। आने वाले समय में अस्पताल का काम तेजी से पूरा हो सके इसके लिए राज्य सरकार से निरंतर प्रयास करते रहेंगे, ऐसी जानकारी विधायक राजन नाईक ने दी।

Post a Comment

0 Comments